इस्लामाबाद।
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार को एक भीषण धमाके से हड़कंप मच गया। फेडरल कैपिटल के शहजाद टाउन इलाके स्थित तेरलाई इमाम बारगाह में हुए ब्लास्ट में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है और पूरे इस्लामाबाद में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका आत्मघाती था या किसी साजिश के तहत पहले से विस्फोटक लगाया गया था। इस्लामाबाद पुलिस के प्रवक्ता ताकी जवाद ने कहा कि फिलहाल धमाके की प्रकृति पर कोई अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
पुलिस के मुताबिक, ब्लास्ट की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बलों के 1,122 जवान मौके पर तैनात कर दिए गए हैं। इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


