किलकारी बाल भवन पूर्णिया में 2 जून से होगा 20 दिवसीय समर कैंप, देशभर के विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
पूर्णिया: किलकारी बिहार बाल भवन पूर्णिया द्वारा इस वर्ष 2 जून से 22 जून 2025 तक 20 दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पूर्णिया जिला के 20 सरकारी विद्यालयों के बच्चों को मिनी समर कैंप के माध्यम से चयनित कर पंजीकृत किया गया है। इस समर कैंप में बच्चों को 12 प्रमुख विधाओं में कुल 23 प्रकार की गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए बिहार सहित अन्य राज्यों से कुल 16 विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। हस्तकला के अंतर्गत क्विलिंग आर्ट सिखाने के लिए स्वाति बोस (पटना) और नारियल शेल आर्ट के लिए निकुंज बिहारी (मुंगेर) आएंगे। चित्रकला की विधा में टेक्सटाइल आर्ट के लिए अमित शील (फरीदाबाद) और वर्ली आर्ट के लिए सुधा कुमारी (महाराष्ट्र) प्रशिक्षण देंगी। संगीत के क्षेत्र में शास्त्रीय संगीत हेतु पलाश पुरी और बाउल संगीत हेतु प्रेमांशु चटर्जी (कोलकाता) तथा तबला प्रशिक्षण के लिए शांतिनिकेतन से विशेषज्ञ आमंत्रित किए गए हैं। नृत्य विधा में बिहू नृत्य सिखाने हेतु राकेश बोरो और विनीत बोरो (असम), तथा थेमेटिक डांस के लिए सुभाजित दास (कोलकाता) बच्चों को प्रशिक्षित करेंगे।
विज्ञान के अंतर्गत वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) हेतु स्थानीय विशेषज्ञ सद्धाम हुसैन, कंप्यूटर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की जानकारी हेतु मनीष कुमार, नाटक विधा में दिवाकर कुमार (बेगूसराय), ब्लैक पॉटरी के लिए संदीप प्रजापति (आजमगढ़), मास्क मेकिंग के लिए प्रवीण नामदेव (भोपाल), फोटोग्राफी में प्रकृति से जोड़ने हेतु अमित राज बच्चों को प्रशिक्षण देंगे। मार्शल आर्ट ‘कुल्लूपुत्तू’ का प्रशिक्षण दिल सागर एम.डी. (केरल) द्वारा दिया जाएगा। कैंप का उद्घाटन समारोह 1 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में सभी बच्चे ‘विस ट्री’ में अपनी इच्छा का पत्ता लगाकर अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नृत्य एवं संगीत विधाओं में प्रशिक्षित बच्चे फ्लैश मोब प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता का संचालन भी बच्चों द्वारा किया गया, जिसमें आर्या रानी, रेहान रज़ा, शालिनी कुमारी, विद्या श्री, आस्था रानी ने भाग लिया, जबकि किलकारी की ओर से नेहा कुमारी (सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी), त्रिदिप शील (प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक), श्रेया कुमारी (सहायक लेखा पदाधिकारी), रुचि कुमारी (प्रमंडल रिसोर्स पर्सन) ने समर कैंप की रूपरेखा प्रस्तुत की। समर कैंप को बच्चों के प्रिय कार्टून कैरेक्टर्स की थीम पर डिजाइन किया गया है जिससे उनकी भागीदारी और उत्साह बढ़े।
पूरे कैंप में रोज़ फन गेम्स आयोजित किए जाएंगे जिनमें पारंपरिक और विलुप्त हो चुके खेल जैसे म्यूजिकल चेयर, बोडा दौड़, रसना दौड़, रिंग फेंको, सुई-धागा दौड़, फूड रिले, गुल्ली-चम्मच दौड़, मेंढक दौड़, जलेबी दौड़, गिलास गिराओ, 100 मीटर दौड़, रस्सी खींच, टायर रोलिंग, उल्टी दौड़, गोलगप्पा खाओ दौड़ आदि सम्मिलित हैं। खेलों को दो आयु वर्गों – 8 से 11 वर्ष और 12 से 16 वर्ष – में विभाजित कर संचालित किया जाएगा। कार्यशालाएं दो सत्रों में चलेंगी: पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि फोटोग्राफी, ताइक्वांडो, एथलेटिक्स और मार्शल आर्ट जैसी गतिविधियाँ सुबह 7 बजे से 10 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक करवाई जाएंगी। कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी किलकारी के प्रशिक्षकों के साथ नेहा कुमारी, श्रेया कुमारी, रुचि कुमारी एवं त्रिदिप शील संभाल रहे हैं। जिला पदाधिकारी ने समर कैंप की कार्यशालाओं को ‘उन्नयन बिहार’ प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण के माध्यम से पूरे राज्य में प्रचारित करने की बात कही है, जिससे अन्य जिलों के बच्चे भी इससे प्रेरित होकर लाभान्वित हो सकें। यह समर कैंप न केवल बच्चों की प्रतिभा को निखारने का माध्यम बनेगा, बल्कि उन्हें समृद्ध सांस्कृतिक, शैक्षणिक और रचनात्मक अनुभव भी प्रदान करेगा।