पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले के अमौर थाना परिसर में तैनात हवलदार आलमनाथ भूइयां (40 वर्ष, मूल निवासी गया जिला) की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना आज सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब पुलिस कैंटीन का स्टाफ नाश्ता लेकर उनके गार्ड क्वार्टर पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला।
अंदर झांकते ही हवलदार जमीन पर खून से लथपथ पड़े मिले, जबकि उनके गले में बुलेट के आर-पार होने का गहरा जख्म था। मौके से उनकी कार्बाइन और खोखा बरामद हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे उन्होंने अपनी पत्नी से फोन पर सामान्य बात की थी, लेकिन दो घंटे के भीतर ही यह घटना घटी। घटनास्थल पर FSL टीम और डॉग स्क्वायड पहुंच चुकी है, जगह को सील कर दिया गया है।
अमौर थानाध्यक्ष और बायसी डीएसपी जितेंद्र कुमार पांडे मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य की संलिप्तता है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे गया से पूर्णिया के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस हर संभावित पहलू की जांच कर रही है और फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से बच रही है।



