पूर्णिया /आनंद यादुका : भवानीपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 निवासी फर्नीचर कारोबारी मो. जब्बार की संदिग्ध मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। एक ओर जहां शनिवार को मृतक के पिता मो. सफुर ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर जब्बार की पहली पत्नी नसीमा खातून उर्फ गुलशन खातून सहित सात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था, वहीं रविवार को जब्बार की पहली पत्नी नसीमा खातून ने अपनी सौतन और उसके पूर्व के पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
रविवार को नसीमा खातून उर्फ गुलशन खातून ने भवानीपुर थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उसके पति जब्बार की हत्या उसकी दूसरी पत्नी संजना देवी उर्फ संजना खातून, उसके पूर्व पति और पहले घर के पुत्रों ने मिलकर की है। नसीमा खातून ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब एक महीने से अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही है। शनिवार की रात उसे सूचना मिली कि उसके पति की फर्नीचर दुकान में हत्या कर दी गई है। नसीमा खातून ने अपने आवेदन में बताया कि जब्बार ने पूर्व से विवाहित एवं बाल-बच्चेदार संजना देवी से अवैध रूप से शादी कर ली थी।
इस शादी को लेकर संजना के पूर्व पति और उसके पहले घर के पुत्रों में गहरा आक्रोश था। आरोप है कि इन लोगों ने कई बार जब्बार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। नसीमा खातून का कहना है कि इन्हीं कारणों से संजना देवी, उसका पूर्व पति और पुत्रों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके पति की हत्या कर दी।
इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि मृतक जब्बार की पहली पत्नी की ओर से सौतन, उसके पूर्व पति और पुत्रों पर हत्या का आरोप लगाते हुए आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन किया जाएगा।


