अररिया, प्रिंस कुमार: फारबिसगंज प्रखंड के तिरसकुंड पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा में मंगलवार को ‘विश्व आत्मा दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने न केवल आत्मिक शांति और सजगता पर बल दिया, बल्कि देश के महान क्रांतिकारियों और जननायकों को भी नमन किया।
महानायकों को किया गया याद
कार्यक्रम के दौरान जनजाति नायक कोल और लरका विद्रोह के प्रणेता क्रांतिकारी वीर बुधु भगत, महान स्वतंत्रता सेनानी वासुदेव बलवंत फड़के और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
आत्मचिंतन और सजगता पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक कुमार राजीव रंजन ने विश्व आत्मा दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा “प्रतिवर्ष 17 फरवरी को मनाया जाने वाला यह दिन हमें ध्यान और आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करता है। आज के तनावपूर्ण समाज में संतुष्टि और मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए निरंतर सजगता आवश्यक है।”
विद्यार्थियों को दी गई जीवनी की जानकारी
प्रधान शिक्षक मिथिलेश कुमार सिंह और शिक्षक रंजीत कुमार मंडल ने बच्चों को संबोधित करते हुए दिवंगत स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके कृतित्व के बारे में विस्तार से बताया। शिक्षकों ने बच्चों को प्रेरित किया कि वे इन महापुरुषों के पदचिह्नों पर चलकर देश सेवा का संकल्प लें।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों और बच्चों के अलावा गैर-शिक्षकेतर कर्मचारी, आंगनबाड़ी सेविका मीना टुड्डू, शनिचरी देवी समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।



