पूर्णिया: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक विजय खेमका ने शून्यकाल में स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े अहम विषयों को सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई ऐसे सेनानी जिन्होंने भूमिगत रहकर स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और जिनके पास प्रमाण उपलब्ध हैं, उन्हें अब तक आधिकारिक मान्यता नहीं मिल पाई है। विधायक ने सरकार से मांग की कि सभी पात्र व्यक्तियों को स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा देते हुए पेंशन की सुविधा प्रदान की जाए।
साथ ही वर्तमान में पेंशन प्राप्त कर रहे सेनानियों को केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा आधिकारिक पहचान पत्र जारी करने का आग्रह किया, ताकि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सामाजिक सम्मान का लाभ सहजता से प्राप्त कर सकें। इसके अतिरिक्त उन्होंने क्षेत्रीय विकास के तहत पूर्णिया ईस्ट प्रखंड में महाराजपुर–डगरुआ मार्ग पर बसबाड़ी घाट में पुल निर्माण तथा घोषोबाड़ी हाट से महाराज स्थान तक कच्ची सड़क को पक्की सड़क में परिवर्तित करने की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी और क्षेत्र के आर्थिक-सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। विधायक ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से पूर्णिया के समग्र विकास की दिशा में निरंतर प्रगति जारी रहेगी।



