पूर्णिया : अमौर थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। एक व्यक्ति की उसके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पलसा पुल के पास नदी किनारे फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उमेश कुमार सिंह (पिता: जवाहर लाल सिंह), निवासी राधानगर, थाना कसबा के रूप में हुई। मृतक के भाई द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया गया कि 1 अप्रैल 2026 की सुबह घर के कमरे और बरामदे में खून फैला मिला, जबकि उमेश सिंह और उनकी पत्नी सुनीता देवी घर पर नहीं थे। इसी दौरान अमौर क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली, जिसकी तस्वीर से पहचान की गई।
प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी के गांव के एक व्यक्ति से कथित संबंध को लेकर घर में विवाद होता था और इसी विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई होने की आशंका है। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि त्वरित छापेमारी में तीन नामजद अभियुक्तों—पवन कुमार सिंह, सुनीता देवी और महेन्द्र भगत—को गिरफ्तार किया गया है। अमौर थाना कांड संख्या 160/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 103(1), 238, 61(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है। घटना के बाद राधानगर और आसपास के क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामले की जांच जारी है और समाचार पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित है।



