पूर्णिया : अमौर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय ग्रामीणों ने पलसा पुल के नीचे नदी किनारे एक संदिग्ध बोरा देखा। पास जाकर जांच करने पर बोरे में एक व्यक्ति का शव मिला, जिसे रस्सी से कसकर बांधा गया था। दृश्य से प्रथमदृष्टया साक्ष्य छिपाने की नीयत से हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
सूचना मिलते ही अमौर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने लाई। बाद में परिजनों की पहचान के आधार पर मृतक की शिनाख्त कसबा थाना क्षेत्र के राधा नगर वार्ड संख्या 9 निवासी उमेश सिंह (45) के रूप में हुई। आवश्यक कागजी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के गांव राधा नगर (कसबा) जाकर भी कुछ अहम साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतक के बड़े भाई महेश सिंह के अनुसार, रात करीब 12 बजे परिवार एक धार्मिक कार्यक्रम से लौटकर घर आया था। सुबह 4 बजे वे पुनः पूजा के लिए निकले और 6:30 बजे लौटने पर घर में खून बिखरा मिला। आंगन और शौचालय के सेप्टिक टैंक के पास काफी मात्रा में खून दिखाई दिया तथा टंकी का ढक्कन खुला मिला, जिसमें कुछ कपड़े भी पड़े थे। इसके बाद परिवार ने उमेश सिंह की खोजबीन शुरू की, तभी अमौर क्षेत्र में बोरे में शव मिलने की सूचना मिली।
परिजनों ने बताया कि उमेश सिंह और उनकी पत्नी के बीच पिछले दिनों पैसों को लेकर विवाद चल रहा था और पत्नी कई दिनों से घर पर नहीं थी। पुलिस इन बिंदुओं सहित अन्य संभावित पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
मृतक के तीन पुत्र हैं, जिनमें दो बाहर रहकर काम करते हैं, जबकि सबसे छोटा पुत्र घर पर ही था। विवाह को लगभग 20 वर्ष हो चुके थे।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।



