पूर्णिया: भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनमन पीपल’स फाउंडेशन एवं सब हिमालयन रिसर्च इंस्टिट्यूट के तत्वावधान में विद्या विहार इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मरंगा में संविधान सभा के सदस्य एवं पूर्व सांसद स्व. मोहम्मद ताहिर साहेब की स्मृति में भव्य विचार संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें “भारत का राष्ट्र निर्माण: संविधान सभा की भावना और आज की राजनीतिक बहसें” विषय पर गहन संवाद हुआ।
संगोष्ठी की अध्यक्षता जैनरल प्रोफेसर डॉ. मणीन्द्रनाथ ठाकुर ने की, जबकि वरिष्ठ पत्रकार संतोष सिंह और प्रख्यात विचारक प्रेम कुमार मणि ने संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के महत्व पर अपने विचार साझा किए। युवाओं, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में प्रश्न–उत्तर सत्र भी हुआ, जिसमें संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और समकालीन राजनीतिक विमर्श पर ज्वलंत सवाल उठाए गए।
आयोजन की भूमिका जनमन के शौर्य रॉय ने प्रस्तुत की और संचालन डॉ. रमन ने किया। कार्यक्रम के अंत में VVIT के डायरेक्टर राजेश मिश्रा ने सभी वक्ताओं और आगंतुकों को धन्यवाद दिया, जबकि संगोष्ठी ने उपस्थित सभी को संविधान और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी और सजगता की प्रेरणा दी।



