Purnea Breaking: पूर्णिया में दरिंदगी का वीभत्स चेहरा: सड़क से अगवा कर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, गैराज में जबरन शराब पिलाकर कराया गया डांस

पूर्णिया: Purnea Breaking पूर्णिया जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र में शनिवार की रात हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। देर रात पैदल घर लौट रही 24 वर्षीय युवती को चार पहिया वाहन पर सवार छह युवकों ने रास्ते में रोककर जबरन अगवा कर लिया। युवती के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरदस्ती वाहन में खींचकर बरियार चौक स्थित एक मोटर गैराज में ले गए। पीड़िता ऑर्केस्ट्रा में काम करती है और नेवालाल चौक के पास रहती है। आरोप है कि गैराज में ले जाने के बाद युवती को पहले बुरी तरह डराया-धमकाया गया, फिर जबरन शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसे डांस करने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद भी पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी। गंभीर रूप से घायल और भयभीत हालत में होने के बावजूद उसने सूझबूझ दिखाते हुए एक आरोपी मो. जुनेद का मोबाइल फोन उठाया, जो नशे की हालत में सो गया था। पीड़िता ने उसी फोन से डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अपनी पूरी आपबीती और लोकेशन की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डगरूआ थाना की गश्ती टीम तत्काल सक्रिय हुई और लोकेशन ट्रैक कर मोटर गैराज पहुंची। गैराज का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिसके बाद पुलिस ने लोहे की रॉड और ईंट की मदद से ताला तोड़ा। अंदर पहुंचते ही पुलिस के सामने रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य था—पीड़िता बदहवास और लहूलुहान हालत में रोती हुई मिली, जबकि एक आरोपी पास में ही सोया हुआ पाया गया।

पुलिस ने मौके से मोटर गैराज संचालक मो. जुनेद को गिरफ्तार कर लिया है। डगरूआ थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संगीन अपराध में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पीड़िता की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच के महिला वार्ड में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि पीड़िता मूल रूप से चंपानगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon