पूर्णिया, आनंद यादुका: भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपुर मिलिक पंचायत के छोटी भन्सार गांव में बुधवार की देर रात अचानक आग लगने से एक परिवार के दो घर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। इस अगलगी की घटना में घर में बंधे एक गाय के बछड़े की जलकर मौत हो गई।
पीड़ित छोटी भन्सार निवासी गणेश जायसवाल की पत्नी सविता देवी ने बताया कि वे रात में बच्चों के साथ घर में सोई हुई थीं। इसी दौरान देर रात अचानक घर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि जब तक आग पर नियंत्रण पाया गया, तब तक पीड़ित परिवार का दो घर समेत घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।



