कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ लगाए नारे
पूर्णिया, आनंद यादुका: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की शीघ्र रिहाई की मांग को लेकर भवानीपुर में सोमवार की शाम कार्यकर्ताओं ने विशाल मशाल जुलूस निकाला। मशाल जुलूस का नेतृत्व छात्र नेता संजीव कुमार उर्फ़ छैला यादव ने किया। जुलूस में शामिल दर्जनों कार्यकर्ताओं और सांसद समर्थकों ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
मशाल जुलूस नगर पंचायत के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सर्वोदय आश्रम चौक पहुँचा, जहाँ यह नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेता संजीव कुमार उर्फ़ छैला यादव ने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को रात के अंधेरे में बलपूर्वक गिरफ्तार किया जाना लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार ने सांसद पप्पू यादव को जल्द रिहा नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और यह पूरे जिले में फैलाया जाएगा। नुक्कड़ सभा के दौरान वक्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के समर्थन में एकजुट रहने का आह्वान किया। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि भगवान पंडित, शोभाकांत यादव, छोटू यादव, कुंदन मंडल, भोगी यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।



