पूर्णिया, आनंद यादुका: धमदाहा थाना क्षेत्र के कुंवारी पंचायत अंतर्गत कुंवारी गोला वार्ड संख्या 13 में सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की हुई हृदयविदारक मौत के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता मुहैया कराई है।
बेटी के तिलक समारोह से घर लौटने के दौरान कुंवारी पंचायत निवासी जागो ऋषि, किशन कुमार एवं कंचन देवी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद एसडीओ धमदाहा अनुपम अधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। एसडीओ अनुपम ने बताया कि श्रम अधीक्षक पूर्णिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रकाश कुमार, अंचल अधिकारी कुमार रविंद्र नाथ, धमदाहा थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार तथा सरसी थानाध्यक्ष के साथ मृतकों के घर पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया।
इस दौरान तीनों मृतकों के आश्रितों को तत्काल राहत के तौर पर 50-50 किलो गेहूं एवं 50-50 किलो चावल उपलब्ध कराया गया। साथ ही निजी कोष से प्रत्येक परिवार को 2000 नकद सहायता दी गई। इसके अतिरिक्त कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीनों मृतकों के आश्रितों को 3000-3000 की राशि भी तुरंत प्रदान करवाई गई।
एसडीओ ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मृत जागो ऋषि, किशन कुमार एवं कंचन देवी के आश्रितों को सड़क दुर्घटना बीमा का लाभ शीघ्र दिलाने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी पूर्णिया से भी बातचीत की गई है। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी को पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा सरसी थानाध्यक्ष को दुर्घटना से संबंधित सभी आवश्यक कागजात शीघ्र तैयार कर पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। मौके पर मौजूद श्रम अधीक्षक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मजदूर कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता राशि भी जल्द ही मृतकों के आश्रितों को प्रदान की जाएगी । प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से शोक संतप्त परिवारों को कुछ हद तक संबल मिला है और क्षेत्र में प्रशासनिक संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।
सड़क दुर्घटना में मृत तीन लोगों के आश्रितों को प्रशासनिक सहायता, अधिकारियों ने पहुंचकर बंधाया ढांढस

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -
आपके लिए ख़ास ख़बर
नयी खबरें
- Advertisement -


