अररिया/फारबिसगंज
अररिया जिला अंतर्गत कुर्साकांटा थाना क्षेत्र से जुड़ा एक मामला आया है। जहां जिले में खुद को CBI अधिकारी बताकर एक युवती से विवाह करने और बाद में दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने फर्जी पहचान के सहारे उससे विवाह किया और शादी के कुछ माह बाद ही 20 लाख रुपये की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, विवाह के प्रारंभिक महीनों में स्थिति सामान्य रही, लेकिन बाद में मारपीट, जान से मारने की धमकी और प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया। गर्भावस्था के दौरान भी उसे प्रताड़ित किया गया। मामले में कुर्साकांटा थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गईं, जिनमें से एक वाद न्यायालय में विचाराधीन है।
न्यायालय द्वारा भरण-पोषण का आदेश दिए जाने के बावजूद आरोपी द्वारा धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि हाल के दिनों में आरोपी अपने साथियों के साथ उसके मायके पहुंचा और मुकदमे वापस लेने का दबाव बनाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस संबंध में स्थानीय थाना में आवेदन भी दिया गया, हालांकि अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़िता निराश है। थक-हारकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उसकी और उसकी नन्ही बच्ची की जान को खतरा बना रहेगा। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से संज्ञान लिए जाने की बात कही जा रही है।



