अंग इंडिया संवाददाता प्रिंस कुमार: अररिया जिले का 36वां जिला स्थापना दिवस सह मकर संक्रांति महोत्सव–2026 बुधवार को पूरे हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया। अररिया कॉलेज स्टेडियम से लेकर हाई स्कूल (एच.ई.) परिसर तक कार्यक्रमों की श्रृंखला देखने को मिली।
मैराथन से हुआ महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव की शुरुआत सुबह प्रभातफेरी सह मैराथन से हुई। जिला पदाधिकारी (डीएम) विनोद दूहन ने अररिया कॉलेज स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। यह मैराथन बस स्टैंड और गोढ़ी चौक होते हुए हाई स्कूल (एच.ई.) अररिया में संपन्न हुई। इसमें युवाओं, आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस बल के जवानों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य एवं एकता का संदेश दिया।
दीप प्रज्वलन, फीता काटकर उद्घाटन और प्रदर्शनी
मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम विनोद दूहन, जोकीहाट विधायक मोहम्मद मुर्शीद आलम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद दीप प्रज्वलन के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। समाज कल्याण, जीविका, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन समेत दर्जनों विभागों ने अपनी उपलब्धियों और जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को दी। परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
लाभुकों को योजनाओं का लाभ
महोत्सव के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों को लाभान्वित किया गया। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत रिया कुमारी, शिफा फिरदौस सहित अन्य युवाओं को कार्ड प्रदान किए गए। कुशल युवा कार्यक्रम के तहत जिया कुमारी, छवि कुमारी समेत कई छात्राओं को प्रमाण पत्र दिए गए।
इंटरमीडिएट एवं मौलवी/फोकानिया परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण सोफिया नाज, तराना आजमी और मीठी नाज को प्रोत्साहन राशि का सांकेतिक चेक सौंपा गया। वहीं अल्पसंख्यक तलाकशुदा योजना के तहत 25 हजार रुपये का चेक तथा मत्स्य विभाग द्वारा लाभुकों को फिशरीज किट वितरित की गई।
जिलाधिकारी का संदेश
जिलाधिकारी विनोद दूहन ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन अररिया के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा को याद करने का अवसर है। उन्होंने जिले की शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति के लिए सभी से सामूहिक संकल्प लेने की अपील की।
बड़ी संख्या में अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), सिविल सर्जन सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरा आयोजन जिले की सामाजिक समरसता और विकास के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता नजर आया।



