ARARIA NEWS : मंत्री ने संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की तैयारियों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
ARARIA NEWS प्रिंस(अन्ना राय) : बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सह- प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा के अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़-2025 की पूर्व तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री विजय कुमार मंडल, प्रभारी सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, अररिया जिला पदाधिकारी अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार, विधायक मंचन केशरी, जय प्रकाश यादव सहित संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं माननीय जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे। बैठक में मुख्य रूप से संभावित बाढ़ को लेकर खाद्य पदार्थ आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निविदा के माध्यम से आपूर्तिकर्ताओं का चयन, पॉलिथीन शीट्स की उपलब्धता, जिला अंतर्गत उपलब्ध नाव, मोटरबोट, बाढ़ राहत शिविरों, सामुदायिक रसोई, मानव दवा, मोबाइल मेडिकल टीम एवं मेडिकल कैंप की उपलब्धता, बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची का अद्यतनीकरण, तटबंध कटाव-निरोधक कार्यों की प्रगति, तटबंध की सुरक्षा हेतु प्रत्येक 1 किलोमीटर पर प्रतिनियुक्ति अभियंताओं की सूची, संवेदनशील/अतिसंवेदनशील स्थलों सूची, पशु चारा की व्यवस्था, पशु आश्रय स्थलों की सूची, जिला अंतर्गत पुल, पुलिया, कल्वर्ट, वेंट इत्यादि के अद्यतन स्थिति सहित संभावित सुखार के मध्य नजर की जाने वाली व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। इस क्रम में पीपीटी के माध्यम से मंत्री को अवगत कराया गया कि संभावित बाढ़ को लेकर खाद्य पदार्थ आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निविदा के माध्यम से आपूर्तिकर्ताओं का चयन कर लिया गया है। जिले में 28390 पॉलिथीन शीट्स उपलब्ध है।
इसके अतिरिक्त नोडल जिला पूर्णिया से 20000 पॉलिथीन शीट्स की अधियाचना की गई है। जिले में परिचालन योग्य 240 नाव उपलब्ध हैं। इसके अलावा एस०डी०आर०एफ०, अररिया के पास 06 मोटरबोट एवं 06 OBM (Out Board Motor) उपलब्ध है। साथ ही जिला आपदा भण्डार, अररिया में 04 मोटरबोट उपलब्ध है। सभी प्रखंडों को मिलाकर 365 बाढ़ राहत शिवरों को चिन्हित किया गया है। इसी प्रकार 305 सामुदायिक रसोई केदो को भी चिन्हित किया गया है। विभिन्न अंचलों द्वारा आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर डाटा अद्यतनीकारण सुनिश्चित कर लिया गया है। जिला अंतर्गत तटबंध कटाव निरोधक संपन्न किया जा चुका है। साथ ही तटबंधों की सुरक्षा हेतु प्रत्येक 1 किलोमीटर पर अभियंताओं की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। संभावित सुखाड़ के मद्देनजर बताया गया कि वर्तमान में अररिया जिला अंतर्गत सुखाड़ की स्थिति नहीं है।समीक्षा के क्रम में मंत्री द्वारा संबंधित पदाधिकारी को कई जरूरी दिशा निर्देश दिये गये। उन्होंने कहा कि बाढ़ पूर्व आवश्यकता अनुसार सभी तैयारियां ससमय सुनिश्चित कर ली जाये।बैठक में अपर समाहर्त्ता अररिया, उप विकास आयुक्त अररिया, सिविल सर्जन, अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी अररिया जिला, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अररिया, जिला परिवहन पदाधिकारी अररिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अररिया, जिला कृषि पदाधिकारी अररिया, कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण सहित संबंधित सभी विभागों कार्यपालक अभियंता गण उपस्थित थे।