वैशाली: वैशाली जिले में बिहार पुलिस की एक अनोखी कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है। बराटी थाना क्षेत्र के कंसारा गांव में मंगलवार की सुबह पुलिस बैंड-बाजे के साथ हत्या के आरोपियों के घर पहुंची और न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती का इश्तिहार चिपकाया। इस दौरान पूरे गांव में पुलिस की कार्रवाई को लेकर खासा कौतूहल देखा गया। पुलिस ने हत्या कांड के नामजद आरोपियों रमेश चौधरी, राकेश चौधरी और राजेश चौधरी के घर पर नोटिस चस्पा करते हुए साफ चेतावनी दी कि यदि उन्होंने जल्द थाना में आत्मसमर्पण नहीं किया या न्यायालय में हाजिर नहीं हुए, तो उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। बराटी थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई राजापाकड़-बराटी थाना कांड संख्या 479/25 में माननीय न्यायालय के निर्देश पर की गई है।
बताया जा रहा है कि यह मामला 19 दिसंबर 2025 का है, जब कंसारा निवासी 67 वर्षीय लोटन चौधरी पर जमीन विवाद को लेकर जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के लिए उन्हें पटना ले जाया गया, जहां पीएमसीएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने के कारण अब कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। बैंड-बाजे के साथ की गई इस कार्रवाई को पुलिस का मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने का तरीका माना जा रहा है, ताकि फरार आरोपी जल्द आत्मसमर्पण करने को मजबूर हों। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल के साथ कई पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।



