अंग इंडिया संवाददाता : बुजुर्गों की सेवा और सम्मान से ही जीवन में सच्चा पुण्य और आशीर्वाद प्राप्त होता है। यह बात जन कल्याण संस्थान, बाड़मेर के अध्यक्ष एवं स्टेट अवार्डी शिक्षक मुकेश बोहरा अमन ने कही। वे बाड़मेर जिला मुख्यालय के निकट स्थित राजस्व गांव सांसियों का तला में आयोजित वृद्धजन सम्मान एवं कम्बल वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
अभियान ग्रामोदय के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में गांव के 60 से अधिक बुजुर्गों का आत्मीय सम्मान कर उन्हें कम्बल भेंट किए गए। कार्यक्रम सांसियों का तला विद्यालय प्रांगण में आयोजित हुआ, जहां बुजुर्गों का तिलक, माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान बच्चों और उपस्थित ग्रामीणों ने घर-परिवार में बुजुर्गों की सेवा एवं सम्मान का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शिक्षक डालूराम सेजू ने बताया कि अभियान ग्रामोदय के माध्यम से प्रेरक मुकेश अमन के नेतृत्व में गांव के समग्र विकास एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े अनेक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसने बुजुर्गों को भावुक कर दिया। सम्मान पाकर बुजुर्गों ने बच्चों और ग्रामीणों को भरपूर आशीर्वाद एवं स्नेह प्रदान किया।
अपने संबोधन में मुकेश बोहरा अमन ने कहा कि जिस घर में बुजुर्गों को सम्मान और सेवा मिलती है, वह घर किसी स्वर्ग से कम नहीं होता। बुजुर्गों की देखभाल और उनका मान-सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने जीवन में बुजुर्गों के अनुभव और आशीर्वाद को सबसे बड़ी पूंजी मानें।
इस अवसर पर गांव के बुजुर्गों के साथ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती गुंजन आचार्य, स्टेट अवार्डी शिक्षक मुकेश बोहरा अमन, डालूराम सेजू, राजेश जोशी, उषा जैन, चन्द्रकला सिहाग, सीमा शर्मा, रूपाराम सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।



