पूर्णिया, आनंद यादुका: नीति आयोग की टीम के संभावित निरीक्षण से पूर्व प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पूर्णिया के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अंजनी कुमार ने रविवार को अधिकारियों के साथ अनुमंडलीय अस्पताल धमदाहा का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने अस्पताल परिसर के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा भंडार, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, बिजली आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि दो दिनों के भीतर नीति आयोग की टीम द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल धमदाहा का दौरा प्रस्तावित है। इसी को लेकर डीडीसी ने समय रहते व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए, इस पर विशेष जोर दिया।
डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ अस्पताल की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान धमदाहा एसडीएम अनुपम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं अस्पताल के चिकित्सक व कर्मी उपस्थित रहे।



