पूर्णिया, आनंद यादुका: भवानीपुर थाना पुलिस ने लूट की एक घटना का सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी को लूटी गई टैब के साथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपौली पंचायत के ब्रह्मज्ञानी वार्ड संख्या 10 निवासी चुल्हाई मुनि के पुत्र बभजन मुनि है।
इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि कुछ माह पूर्व झनकुआ मोड़ के समीप एक कलेक्शन एजेंट के साथ अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले को लेकर भवानीपुर थाना में कांड संख्या 258/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस लगातार मामले के उद्भेदन में जुटी हुई थी।
वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए, जिसके बाद छापेमारी कर लूटकांड में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से लूटी गई टैब भी बरामद कर ली गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



