पूर्णिया, आनंद यादुका: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भवानीपुर प्रखंड का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा रहा। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और हर-हर महादेव के जयघोष से समूचा क्षेत्र गुंजायमान होता रहा। इस पावन पर्व को लेकर लोगों का उत्साह चरम पर दिखा। महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव परिवार भवानीपुर एवं बोलबम सेवा समिति भवानीपुर के संयुक्त तत्वावधान में भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
भगवा रंग में रंगे श्रद्धालुओं के साथ दर्जन भर घोड़ों के साथ निकली शिव बारात लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। शिव बारात में सबसे आगे भगवा ध्वज थामे घोड़ों पर सवार श्रद्धालु चल रहे थे। वहीं नंदी पर सवार भोले बाबा के रूप में अखिलेश गुप्ता सहित अन्य देवी देवताओं के रूप में सजे लोगों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस अवसर पर बंगाल से पहुंचे कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने भी लोगों को खासा प्रभावित किया। दैत्य-भूतों की टोली के रूप में सजे कलाकारों की झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण रहीं। शिव बारात को देखने के लिए बाजार सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में नर-नारी अपने घरों से बाहर निकल पड़े और श्रद्धा भाव से आयोजन का आनंद लिया।
इधर, महाशिवरात्रि को लेकर प्रखंड क्षेत्र के सभी शिवालयों को भव्य एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बाबा भोलेनाथ पर जलार्पण के लिए मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रखंड क्षेत्र के अकबरपुर स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर में भी नवदुर्गा कमेटी एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से भव्य आयोजन किया गया। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा भवानीपुर प्रखंड भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया।



