अंग इंडिया संवाददाता : पूर्णिया जिले के भवानीपुर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-1 में मंगलवार की देर शाम 16 वर्षीय किशोर की फंदे से लटकाकर संदिग्ध हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान राजा कुमार के रूप में हुई है, जो सरकल टोला वार्ड-1 निवासी अरुण मंडल का पुत्र बताया जा रहा है।
घटना को लेकर मृतक की मां तेतरी देवी के फर्द बयान के आधार पर भवानीपुर थाना में दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। तेतरी देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह भवानीपुर बाजार में पापड़ बेचने का काम करती हैं। मंगलवार की देर शाम काम खत्म कर जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने अपने पुत्र राजा कुमार का शव घर के अंदर फंदे से लटकता हुआ देखा।
यह दृश्य देख वह बदहवास होकर चिल्लाने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतारा। सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
बुधवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए धमदाहा एसडीपीओ संदीप गोल्डी, भवानीपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी, अवर निरीक्षक पल्लवी कुमारी तथा भागलपुर से पहुंची फॉरेंसिक जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में धमदाहा एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने बताया कि एक किशोर का शव फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया है। मृतक की मां के बयान के आधार पर भवानीपुर थाना कांड संख्या 6/26 दर्ज कर दो लोगों को नामजद किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है।



