प्रिंस कुमार, अररिया: Araria News पूरे बिहार के साथ-साथ अररिया जिला भी वर्तमान में भीषण शीतलहर की चपेट में है। कड़ाके की ठंड और गिरते पारे ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर शहरी और ग्रामीण इलाकों में राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं।
चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था
जिला प्रशासन ने आम लोगों को ठंड से राहत दिलाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं नगर निकायों के माध्यम से प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर लकड़ी के अलाव जलाए जा रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में बीडीओ (BDO) और सीओ (CO) को अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
जोगबनी नगर परिषद की अनोखी पहल: ‘इलेक्ट्रिक और गैस हीटर’
जिले के जोगबनी नगर परिषद ने ठंड से निपटने के लिए एक आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल तरीका अपनाया है, जो पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। नगर परिषद द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर बिजली और गैस से चलने वाले विशेष प्रकार के लंबे हीटर लगाए गए हैं। जानकारों का कहना है कि ये हीटर पारंपरिक अलाव की तुलना में अधिक गर्मी प्रदान करते हैं। लकड़ी जलाने से होने वाले धुएं और प्रदूषण को रोकने में यह तकनीक बेहद कारगर साबित हो रही है।
नगर परिषद अध्यक्ष और अधिकारियों की सराहना
जोगबनी नगर परिषद की अध्यक्ष रानी देवी और कार्यपालक पदाधिकारी के इस नवाचार की जिले भर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हीटर लगने से राहगीरों और जरूरतमंदों को धुआं मुक्त गर्मी मिल रही है।
जिला प्रशासन की अपील
ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बेवजह घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही, सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अलाव की व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए और अस्पतालों व रैन बसेरों में पुख्ता इंतजाम रखे जाएं।



