पूर्णिया, आनंद यादुका: Purnea News भवानीपुर प्रखंड मुख्यालय के कर्पूरी भवन में सोमवार को भव्य कार्यक्रम के बीच कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का उद्घाटन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार, राजस्व अधिकारी सादिक आलम और जिला प्रबंधक कृष्ण कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सीएससी का औपचारिक शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि अब क्षेत्रवासियों को जमीन और अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़े आवेदन ऑनलाइन करने की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी, जिससे सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता समाप्त होगी और समय व संसाधन की बचत होगी। सीएससी संचालक अमित अंश ने कहा कि नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से ग्रामीण लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
समारोह में पैक्स अध्यक्ष और जदयू नेता संजय कुमार मेहता, पूर्व मुखिया बिमल मंडल, मो. सादान, सीएससी लीड वैली गजल कुमार व अमित कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। उद्घाटन के बाद ग्रामीणों में नई सुविधाओं को लेकर उत्साह स्पष्ट रूप से देखा गया।



