अंग इंडिया संवाददाता : जिला पदाधिकारी पूर्णिया श्री अंशुल कुमार, भा.प्र.से. के निर्देश पर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, पूर्णिया तथा जिला खनन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में धावादल टीम द्वारा डगरूआ प्रखंड क्षेत्र में बाल श्रम विमुक्ति को लेकर सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत डगरूआ प्रखंड अंतर्गत जय हनुमान ईंट उद्योग, मोहमदिया डगरूआ में छापेमारी की गई। टीम का नेतृत्व वरीय उप समाहर्ता सह जिला खनन पदाधिकारी शिलिमा कुमारी ने किया। टीम में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अमन प्रकाश (पूर्णिया पूर्व सदर), आदित्य आकाश (अमौर), शुभम प्रियदर्शी (कसबा) एवं आकाश कुमार (श्रीनगर) के साथ पुलिस बल शामिल था।
संयुक्त टीम द्वारा ईंट भट्ठे के नियोजन में कार्यरत कुल पांच बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया गया। विमुक्त कराए गए सभी बाल श्रमिकों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि दोषी नियोजकों के विरुद्ध बाल श्रमिक एवं किशोर (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साथ ही प्रति बाल श्रमिक 20 हजार से 50 हजार रुपये तक का जुर्माना वसूल किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से बाल श्रम के विरुद्ध सख्त संदेश गया है और भविष्य में ऐसे अवैध नियोजन पर कठोर कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।



