पूर्णिया : पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया के अंतर्गत आने वाले विभिन्न महाविद्यालयों में 5वें सेमेस्टर की अनिवार्य इंटर्नशिप को लेकर शुल्क असमानता और प्रक्रिया में भिन्नता की शिकायतों के बीच छात्र प्रतिनिधिमंडल ने उपकुल सचिव डॉ. नवनीत कुमार से मुलाकात कर एकरूप व्यवस्था की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से छात्र रितेश यादव ने बताया कि कई महाविद्यालयों में इंटर्नशिप पंजीयन के नाम पर अलग-अलग राशि वसूली जा रही है, जो न केवल अनुचित है बल्कि सीमांत, कृषि प्रधान और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र-छात्राओं पर अतिरिक्त बोझ भी डाल रही है। उन्होंने आग्रह किया कि विश्वविद्यालय स्तर पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर सभी महाविद्यालयों में एक समान शुल्क और प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
छात्र नेता विकास कुमार ने कहा कि यदि इंटर्नशिप के लिए शुल्क और प्रक्रिया विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित हो, तो किसी भी महाविद्यालय द्वारा मनमानी की गुंजाइश समाप्त हो जाएगी। साथ ही, जिस भी कंपनी या संस्थान के माध्यम से इंटर्नशिप कराई जाए, वह न्यूनतम शुल्क पर हो और उसका मानक सभी महाविद्यालयों में समान रूप से लागू किया जाए।
छात्र प्रतिनिधिमंडल का मानना है कि एकरूपता से पारदर्शिता बढ़ेगी, छात्रों का विश्वास मजबूत होगा और इंटर्नशिप का उद्देश्य—व्यावहारिक ज्ञान, अनुभव और नए अवसरों से जुड़ाव—वास्तव में सार्थक हो सकेगा।



