पूर्णिया: नगर निगम पूर्णिया के वार्ड संख्या 22 सहित शहर के व्यावसायिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था को लेकर चिंता जताई गई है। पूर्व वार्ड पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सरिता राय ने जिला पदाधिकारी पूर्णिया को आवेदन देकर कहा है कि वर्तमान समय में राहगीरों, रिक्शा, टोटो, ऑटो और टेम्पू चालकों के साथ-साथ छोटे व्यवसायियों को शुद्ध पेयजल के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि पहले चापाकल और वाटर पोस्ट के माध्यम से आम लोगों को पानी उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन नल-जल योजना के तहत बुडको द्वारा सार्वजनिक वाटर पोस्ट का निर्माण नहीं किए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
सरिता राय ने डीएम से आग्रह किया है कि वार्ड 22 के भट्टा लखन चौक, टैक्सी स्टैंड चौक, डीलक्स होटल चौक, उर्दू स्कूल चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर नल-जल योजना की पाइपलाइन से वाटर पोस्ट स्थापित कराए जाएं, ताकि गर्मी के मौसम से पहले आम लोगों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके।



