पूर्णिया: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने सदन में अपने क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को मजबूती से उठाया। उन्होंने तारांकित प्रश्न और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक पहचान, श्रमिक कल्याण और आधारभूत संरचना से संबंधित मांगें सरकार के समक्ष रखीं। विधायक ने पूर्णिया में गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए एक गोवंश संरक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग की, वहीं महावीर जयंती को महोत्सव का दर्जा देकर इसे पूर्णिया की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने पर जोर दिया।
पर्यावरण के दृष्टिकोण से उन्होंने शहरी क्षेत्र में नगर वन के निर्माण की आवश्यकता बताई। श्रमिकों के हित में रजनी चौक, आरएन साह चौक, गिरजा चौक, पॉलिटेक्निक चौक, रामबाग, मधुवनी चौक, गुलाबबाग सनोली चौक और जीरोमाइल जैसे इलाकों में श्रम विभाग द्वारा विशेष कैंप लगाकर लेबर कार्ड बनाने की मांग की, ताकि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का अधिक लाभ मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत एनएच-31 हरदा पीएमजीएसवाइ रोड से महेशवा हाट तक सड़क के पक्कीकरण, किसानों के लिए केसीसी के माध्यम से बैंकिंग प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने तथा राजस्व हाट हरदा व अंदेली गौरा हाट की जर्जर संरचनाओं के जीर्णोद्धार की मांग भी उठाई। विधायक विजय खेमका ने सदन में रखी गई इन सभी मांगों पर सरकार से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया।



