पूर्णिया: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पूर्णिया के समग्र विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों को विधायक विजय खेमका ने सदन में जोरदार ढंग से उठाया। शून्यकाल में उन्होंने पूर्णिया ईस्ट प्रखंड अंतर्गत भोगा भटगामा स्थित केजीपी प्लस टू उच्च विद्यालय की भूमि पर सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग रखी, ताकि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा का लाभ मिल सके। इसके साथ ही खुश्कीबाग कृषि फार्म की भूमि पर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का प्रस्ताव रखते हुए उन्होंने कहा कि इससे सीमांचल और पूर्वोत्तर बिहार के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक का सीधा फायदा मिलेगा।
विधायक ने सरकार की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कर जनोपयोगी योजनाओं के क्रियान्वयन की आवश्यकता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने शहर के बीच से बहने वाली सौरा नदी को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने का सुझाव देते हुए इसे पर्यटन और सौंदर्यीकरण से जोड़ा। कृषि क्षेत्र में किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए आलू फसल के लिए समर्थन मूल्य तय करने की मांग भी सदन में रखी गई, वहीं दीवानगंज-डिमिया छतरजान मार्ग के एक हिस्से को पक्का कराने का आग्रह किया गया।
सत्र के बाद विधायक ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री से मुलाकात कर विभिन्न शहरी और ग्रामीण महादलित टोलों में आधुनिक सामुदायिक भवन के निर्माण का अनुरोध किया। विधायक ने कहा कि पूर्णिया विकास की नई गति पकड़ चुका है और केंद्र व राज्य सरकार के सहयोग से यह क्षेत्र आने वाले समय में विकास का मजबूत उदाहरण बनेगा।



