पूर्णिया, आनंद यादुका: भवानीपुर नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-1 में घटित राजा कुमार की संदिग्ध मौत को 20 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। न तो मौत के रहस्य से पर्दा उठ सका है और न ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है, जिससे यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि भवानीपुर पुलिस का कहना है कि इस चर्चित घटना की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बावजूद इसके, घटना के इतने दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली बने हुए हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतक के परिजनों में गहरा असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। परिजनों का कहना है कि न्याय की आस में वे लगातार पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ज्ञात हो कि भवानीपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी अरुण मंडल के पुत्र राजा कुमार का शव उसके ही घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया था। इस घटना के बाद मृतक की मां तेतरी देवी ने अपने दो नजदीकी रिश्तेदारों पर राजा की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया था।
मृतक की मां के फर्द बयान के आधार पर भवानीपुर थाना में दोनों आरोपियों के विरुद्ध कांड संख्या 6/26 दर्ज किया गया था। तेतरी देवी ने पुलिस को बताया था कि उसके पुत्र की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण की गई है। इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


