फारबिसगंज: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) फारबिसगंज इकाई द्वारा नगर मंत्री आयुष भगत के नेतृत्व में स्वामी विवेकानंद जयंती सह “राष्ट्रीय युवा दिवस” के साप्ताहिक कार्यक्रमों के अंतर्गत गोयल स्कूल परिसर में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी के अनुसार ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर बिहार प्रांत सह मंत्री विनय सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए महान प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, राष्ट्रसेवा और चरित्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं।
उत्तर बिहार प्रांत एसएफडी सह संयोजक आकाश श्रीवास्तव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद वेदांत के विख्यात और प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु थे, जिन्होंने अमेरिका के शिकागो में भारत का गौरव विश्व पटल पर स्थापित किया। उन्होंने कहा कि एबीवीपी देश और विद्यार्थियों के हित में निरंतर कार्य करने वाला संगठन है।
जिला संयोजक शिवम साह ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शैलेश कुमार एवं पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रिंस कश्यप ने बताया कि एबीवीपी हर वर्ष युवा पखवाड़ा के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और इस वर्ष भी उसी परंपरा के तहत प्रतिभा सम्मान प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
समारोह को नगर कार्यालय मंत्री अभिनव सुदर्शन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कॉलेज अध्यक्ष सूर्यानंद ऋषि, कॉलेज मंत्री राज कुमार, नगर कार्यकारिणी सदस्य आदित्य कुमार झा, मुकुल कुमार, दिनेश कुमार, रोहित कुमार, ऋषभ कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



