पूर्णिया: पूर्णिया जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत कसबा प्रखंड की कुल्लाखास पंचायत स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–90 तथा श्रीनगर प्रखंड के खुंटी धुनैली पंचायत के राय टोला आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–30 से कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत बुधवार को हुई, जिसका वर्चुअल उद्घाटन बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने किया।
अभियान का उद्देश्य आमजन को फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा सेवन के प्रति जागरूक करना है। जिले के लगभग 1700 आंगनवाड़ी केंद्रों पर एक साथ इस कार्यक्रम का संचालन किया गया, जहां लाभुकों, जीविका समूह की दीदियों और ग्रामीणों को फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाई गईं।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं दवा का सेवन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से पूर्णिया को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके। यह पहल जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।



