उद्योग-व्यापार से लेकर संस्कृति तक नए रिश्ते बने मजबूत
पूर्णिया: पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में 13 से 15 फरवरी 2026 तक चले तीन दिवसीय पूर्णिया एक्सपो-2026 का समापन अत्यंत भव्यता और उत्साह के साथ हुआ, जिसमें उद्घाटन से लेकर अंत तक भारत-नेपाल के बीच व्यापार, उद्योग, कृषि, पर्यटन, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। पहले दिन खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह और नेपाल के पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एक्सपो का शुभारंभ किया, जिसके बाद तीन दिनों तक सैकड़ों स्टॉल, B2B सत्र, उद्योग संवाद, ग़ज़ल संध्या, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा किए गए रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों को बांधे रखा।

नेपाल से आई साइक्लिंग टीम ने भी अपनी प्रस्तुति देकर आयोजन को अंतरराष्ट्रीय रंग दिया। समापन समारोह में उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधन दिया और कहा कि ऐसे एक्सपो क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और आयोजकों को बधाई देते हुए इसे विकास के लिए अनमोल प्रयास बताया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि और हजारों की संख्या में आमजन मौजूद रहे।

जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आयोजन पूर्ण सफल रहा। आयोजकों—आवाज़ 24 मीडिया एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक पूजा मिश्रा, ओमप्रकाश मिश्रा, राजीव कुमार और कुमार संकल्प—ने सभी प्रतिभागियों, प्रशासन और आगंतुकों का आभार जताया और कहा कि यह एक्सपो केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि बिहार-नेपाल के बीच आर्थिक-सांस्कृतिक संबंधों को नई गहराई देने वाला ऐतिहासिक कदम है, जो स्थानीय उद्यमियों, युवाओं और निवेशकों के लिए नए द्वार खोलेगा। तीन दिनों में एक्सपो ने यह सिद्ध कर दिया कि पूर्णिया और बिहार में उद्योग, निवेश और सांस्कृतिक सहयोग की असीम संभावनाएँ हैं।



