PURNIA NEWS : पूर्णिया के बेलौरी क्षेत्र ने गुरुवार को खेल ऊर्जा और उत्साह का एक अनोखा संगम देखा, जहाँ पूर्णिया डिस्ट्रिक्ट साइकिलिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया वुमेन रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप बेहद सफल और आकर्षक साबित हुई। सुबह 8 से 10 बजे तक बेलौरी चौक से मटिया चौक तक आयोजित इस प्रतियोगिता में करीब दो दर्जन महिला प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। अंडर-18 वर्ग में सुरुचि कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि प्रिया कुमारी दूसरे और रीया कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं 18 वर्ष से ऊपर वर्ग में वर्षा कुमारी ने बाजी मारी, निम्मी कुमारी उपविजेता बनीं और सृष्टि कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।
विजेताओं को मंच से पीडीसीए अध्यक्ष नवीन सिंह, सचिव विजय शंकर सिंह, स्थानीय थाना अध्यक्षों और अधिकारियों ने मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। आयोजन की पूरी व्यवस्था पीडीसीए के सक्रिय पदाधिकारियों ने संभाली, जिनमें शशांक शेखर सिंह, कृष्णा कुमार, पवन कुमार पोद्दार, राणा प्रताप सिंह, एस.के. सरोज सहित कई सदस्य प्रतियोगिता को सफल बनाने में जुटे रहे। कार्यक्रम में पीडीसीए सदस्यों का नया ट्रैक शूट आकर्षण का केंद्र बना रहा।
उधर, जिला प्रशासन की ओर से आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ भी बेलौरी चौक पर जिलाधिकारी अंशुल कुमार द्वारा गुब्बारा उड़ाकर किया गया। इस प्रतियोगिता के संचालन में पूर्णिया डिस्ट्रिक्ट साइकिलिंग एसोसिएशन और क्रीड़ा भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पहले दिन विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएँ संपन्न की गईं, जबकि शुक्रवार सुबह से अंतिम दिन का खेल कार्यक्रम आयोजित होगा। जिला प्रशासन और जिला खेल अधिकारियों की सक्रियता और सहभागिता ने दोनों आयोजनों को सफल, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।




