पूर्णिया, विमल किशोर: अमौर प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी और बीपीआरओ नूतन कुमारी की अध्यक्षता में पंचायत सचिवों और कार्यपालक सहायकों के साथ 15वीं और षष्ठम वित्त आयोग से आवंटित राशि के उपयोग और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बीपीआरओ ने स्पष्ट किया कि योजनाओं की लंबित अवस्था लापरवाही मानी जाएगी और सभी पंचायतों को निर्देश दिए गए कि सबसे पहले पुस्तकालय भवन का निर्माण या मरम्मत पूरी करें, ताकि छात्रों को पढ़ाई में सुविधा मिल सके। इसके बाद गली-नाली पक्कीकरण, स्वच्छता और पेयजल जैसी अन्य प्राथमिकताओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी कहा गया कि पोर्टल पर डेटा एंट्री, ई-ग्राम स्वराज में योजनाओं का अपलोड और भुगतान प्रक्रिया (FTO) समय पर पूर्ण हो, और पिछली राशि का उपयोग कर चुके पंचायतों से उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र जमा कराए जाएँ। नाराजगी जताते हुए बीपीआरओ ने पंचायत सचिवों और कार्यपालक सहायकों से कहा कि तकनीकी बाधाओं या सुस्ती के कारण विकास कार्य रोके नहीं जाएँ और सरकारी मानकों के अनुसार गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।



