अररिया, प्रिंस कुमार: अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत बसमतिया पंचायत में आयोजित “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने आम लोगों के बीच बैठकर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों, वृद्धों और जरूरतमंद ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे डीएम के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए मौके पर ही विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और केवल आवेदन लेना पर्याप्त नहीं, बल्कि समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान देना जरूरी है।
कार्यक्रम में जिला व प्रखंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहे, ताकि विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निष्पादन हो सके और विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के जरिए व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाया जा सके।



