अंग इंडिया संवाददाता : पूर्णिया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) एवं जिला सामुदायिक उत्प्रेरक (DCM) द्वारा संयुक्त रूप से एपीएचसी रानीपतरा एवं पीएचसी पूर्णिया ईस्ट का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के उद्देश्य से किया गया।
भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा रिकॉर्ड संधारण की विस्तार से समीक्षा की गई। निरीक्षण टीम ने स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर उनके कार्यों की समीक्षा की और मरीजों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के क्रम में संस्थानों में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश संबंधित कर्मियों को दिया गया। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने एवं सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर संबंधित स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।



