विधि संवाददाता पूर्णिया: 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले इस वर्ष के प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन हेतु प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पूर्णिया कन्हैया जी चौधरी के निर्देशनुसार 18 फरबरी 2026 को अवर न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार सुनील कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गयी। इस बैठक में श्रम विभाग के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी शुभम प्रियदर्शी उपस्थित हुए।
माप-तौल से संबंधित मामलों के लिए निरीक्षक विधिक माप विज्ञान पूर्णिया सदर के प्रभारी अधिकारी उपस्थित हुए। बिजली विभाग के कार्यपालक विद्युत अभियंता बालवीर प्रसाद वागीश एवं नवीन मंडल बैठक में उपस्थित हुए। भारत संचार निगम लिमिटेड पूर्णिया के अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती ज्योति कुमारी बैठक में उपस्थित हुई। बैठक में सचिव महोदय द्वारा यह निर्देश दिया गया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित करें। चिन्हित मामलों में पक्षकार को सूचना प्राप्त कराने हेतु यथाशीघ्र नोटिस तैयार करें एवं कार्यालय से हस्ताक्षर करावें।
उक्त लोक अदालत के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु अपने-अपने विभागों के कार्यालय परिसर में बैनर लगवाएँ तथा समय-समय पर ध्वनि-विस्तारक यंत्र के माध्यम से भी प्रसार-प्रसार करावें। ज्ञात हो कि उक्त राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय आपराधिक मामले, प्ली बार्गेनिंग के मामले, धारा 138 एन०आई० एक्ट के मामले, बैंक वसूली के मामले, मोटर दुर्घटना दावा वाद, शमनीय ट्रैफिक चालान, श्रम विवाद, जनउपयोगी सेवाएँ से संबंधित मामले जैसे बिजली एवं पानी बिल, तलाक छोड़कर वैवाहिक विवाद, भू-अधिग्रहण के मामले, सेवा एवं पेंशन संबंधित मामले, उपभोक्ता से संबंधित मामले, राजस्व से संबंधित मामले एवं अन्य दीवानी वादों का सुलह समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा।



