अहमदाबाद: IPL 2025 Final अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज का दिन क्रिकेट इतिहास में दर्ज हो सकता है, क्योंकि आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। जैसे-जैसे मुकाबले की घड़ी नजदीक आ रही है, फैंस के बीच उत्साह और भी तेज हो गया है। इसी बीच बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का एक पुराना ट्वीट सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ वायरल हो रहा है, जिसने मुकाबले को लेकर और भी सस्पेंस खड़ा कर दिया है। साल 2014 के इस ट्वीट में सलमान ने पूछा था, “प्रीति जिंटा की टीम जीती क्या?”, जिस पर खुद प्रीति ने जवाब दिया था, “फाइनल में मिलते हैं भाई।” अब जब पंजाब फाइनल में है, तो फैंस इस पुराने ट्वीट को वर्तमान हालात से जोड़कर मजेदार और तंज भरे कमेंट कर रहे हैं।
पंजाब किंग्स की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जो इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ एक बार ट्रॉफी जीत चुके हैं और दिल्ली कैपिटल्स के साथ एक बार फाइनल हार चुके हैं। वे आईपीएल इतिहास में ऐसे पहले खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन अलग-अलग कोचों के तहत तीन टीमों को फाइनल तक पहुंचाया है। उधर, आरसीबी को भी ट्रॉफी की तलाश लंबे समय से है, और फैंस उम्मीद लगाए बैठे हैं कि यह साल उनका सपना पूरा करेगा।
वहीं सलमान खान और प्रीति जिंटा के वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान आखिरी बार सिकंदर फिल्म में नजर आए थे, जो बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। दूसरी ओर प्रीति जिंटा लंबे वक्त बाद सनी देओल के साथ फिल्म लाहौर 1947 से पर्दे पर वापसी कर रही हैं। क्रिकेट और बॉलीवुड के इस दिलचस्प मेल ने फाइनल मुकाबले को और भी ज्यादा चर्चा में ला दिया है – अब देखना ये होगा कि सलमान का पुराना सवाल आज क्या जवाब पाता है: “प्रीति की टीम जीती क्या?”



