Maha Kumbh 2025 Adani Group: गीता प्रेस के सहयोग से अदाणी ग्रुप बांटेगा 1 करोड़ आरती संग्रह की प्रतियां
Maha Kumbh 2025 Adani Group; उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक होने जा रहे महाकुंभ में अदाणी ग्रुप ने सेवा का एक बड़ा संकल्प लिया है। इस्कॉन के बाद गीता प्रेस के साथ सहयोग करते हुए समूह श्रद्धालुओं को ‘आरती संग्रह’ की 1 करोड़ निःशुल्क प्रतियां वितरित करेगा। अहमदाबाद में शुक्रवार को गीता प्रेस के पदाधिकारियों और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी के बीच इस संबंध में बैठक हुई।
गौतम अदाणी ने इस पहल को भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था के महायज्ञ में एक सेवा बताया। गीता प्रेस ने इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि अदाणी ग्रुप के साथ यह दीर्घकालिक सहयोग सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और विश्वगुरु भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में गीता प्रेस के जनरल सेक्रेटरी नीलरतन जी चांदगोठिया, ट्रस्टी देवी दयाल जी अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “सेवा साधना है, सेवा प्रार्थना है और सेवा ही परमात्मा है।”