अररिया, प्रिंस कुमार: फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर उत्तर पंचायत (वार्ड संख्या 2) से दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां की निवासी 30 वर्षीया प्रियंका देवी ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मारपीट और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शादी के तीन साल बाद शुरू हुआ विवाद
पीड़िता प्रियंका देवी, जिनका मायका नालंदा के मनोहर बीघा में है, ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2014 में हिंदू रीति-रिवाज के साथ ब्रजकिशोर महतो से हुई थी। शादी के समय उनके पिता ने सामर्थ्य अनुसार 3 लाख रुपये नकद और पल्सर मोटरसाइकिल समेत अन्य कीमती सामान दहेज के रूप में दिए थे। शुरुआती तीन साल सब कुछ सामान्य रहा और उनके दो बच्चे (अमित और प्रीति) भी हुए, लेकिन उसके बाद ससुराल वालों की मांगें बढ़ गईं।
- ₹5 लाख की अतिरिक्त मांग और मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि पति बृज किशोर महतो अक्सर शराब पीकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। आवेदन के अनुसार पति के अलावा सास नागेश्वरी देवी, ससुर दशरथ महतो, भैंसुर राजकिशोर महतो, देवर अवध किशोर महतो और गोतनी रिंकी देवी पर प्रताड़ना का आरोप है। ससुराल वाले ₹5 लाख अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे हैं और बच्चों को छीनकर प्रियंका को घर से बाहर निकालने की धमकी दे रहे हैं।
बुधवार को फिर हुई हिंसा
घटना के संबंध में पीड़िता ने बताया कि घर से निकाले जाने के बाद वह अपने मायके चली गई थी। बुधवार को जब वह अपनी दादी और भाभी के साथ वापस ससुराल पहुँची, तो ससुराल वालों ने घर में घुसने से मना कर दिया। विरोध करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गईं। आनन-फानन में उन्हें फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस का बयान: “महिला द्वारा दिए गए आवेदन को प्राप्त कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



