पूर्णिया: पूर्णिया विधानसभा के विधायक विजय खेमका ने बिहार विधानसभा सत्र में अपने क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोर दिया। उन्होंने पूर्णिया गुलाबबाग स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति की भूमि पर आधुनिक सुविधाओं वाला “एग्रो मॉडल पार्क” बनाने की मांग की, जिसमें अत्याधुनिक क्रॉप, फूड, प्लांट, ग्रीन एरिया, कैफेटेरिया, मिनी ऑडिटोरियम और बच्चों के प्लेग्राउंड की व्यवस्था हो।
इसके साथ ही उन्होंने दानवीर भामाशाह की जयंती को पूर्णिया में सरकारी महोत्सव का दर्जा देने, बांग्ला भाषा की पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने, विश्वविद्यालय के नए 10 कमरों वाले भवन में जर्जर छात्रावास के छात्रों का स्थानांतरण करने और पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक की कच्ची सड़क को पक्की करने की भी मांग रखी।
विधायक ने फार्मासिस्ट भर्ती में सेवा अवधि के आधार पर आयु और अंकों में प्राथमिकता देने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आग्रह पत्र भी सौंपा। उन्होंने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र के विकास के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं और राज्य सरकार के सहयोग से विभिन्न योजनाओं पर सकारात्मक कार्रवाई जारी है।



