सेक्स रैकेट की काली कमाई से उपमुखिया पति ने बनाई अकूत संपत्ति? पूर्णिया गैंगरेप कांड में खुल रहा संगठित देह व्यापार का नेटवर्क

पूर्णिया | विशेष संवाददाता/

पूर्णिया में आर्केस्ट्रा डांसर से जुड़े गैंगरेप कांड ने जिले में वर्षों से सक्रिय संगठित देह व्यापार नेटवर्क की ओर इशारा किया है। इस मामले का मुख्य आरोपी मोहम्मद जुनैद, जो खुद को उपमुखिया पति बताकर सामाजिक और राजनीतिक रसूख दिखाता था, अब सिर्फ गैंगरेप के आरोप में नहीं, बल्कि देह व्यापार के संचालन में सक्रिय भूमिका को लेकर भी जांच के घेरे में है।
पुलिस जांच और स्थानीय गवाहों के अनुसार, जुनैद लंबे समय से शराब, अय्याशी और कम उम्र की लड़कियों के शौक के लिए जाना जाता था। आरोप है कि उसने एक महिला के साथ मिलकर लड़कियों की सप्लाई और डीलिंग का नेटवर्क खड़ा किया, जिससे उसने भारी संपत्ति अर्जित की।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी स्थित शिव मंदिर टोला निवासी अनिल कुमार साह बताते हैं कि करीब तीन वर्ष पूर्व जुनैद ने उनके खाली कमरे को पुरानी बाइक और कार की खरीद-बिक्री के नाम पर किराए पर लिया था। शुरुआत में सब सामान्य लगा, लेकिन कुछ ही महीनों बाद वहां अजनबी लड़कियों का लगातार आना-जाना शुरू हो गया।
एक दिन मुफस्सिल थाना पुलिस ने छापेमारी कर कमरे का दरवाजा तोड़ा और अंदर से एक युवती को बाहर निकाला। इसके बाद यह स्पष्ट हुआ कि दुकान की आड़ में देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था।

दुकान मालिक का आरोप है कि जब उन्होंने इस गतिविधि का विरोध कर दुकान खाली करने को कहा, तो जुनैद ने खुद को उपमुखिया पति बताते हुए धमकाया और राजनीतिक पहुंच का हवाला दिया।
उन्होंने 14 मई को मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय शिकायत को गंभीरता से लिया गया होता, तो शायद बाद में हुई गैंगरेप जैसी जघन्य घटना को रोका जा सकता था।

डगरूआ थाना क्षेत्र के बैरियर चौक, जोया ट्रेडर्स के समीप स्थित जिस गोडाउन में 24 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप हुआ, वह पहले से ही संदिग्ध गतिविधियों के लिए बदनाम बताया जा रहा है। पड़ोसियों के अनुसार यहां अक्सर शराब और लड़कियों के साथ महफिलें सजती थीं और बाहरी लोगों की आवाजाही बनी रहती थी।

पुलिस ने इस मामले में बेबी नामक महिला को भी गिरफ्तार किया है, जो आर्केस्ट्रा में डांस दिलाने के नाम पर लड़कियों को जोड़ने और फिर देह व्यापार में धकेलने का काम करती थी। पूछताछ में उसके द्वारा उच्च वर्ग के ग्राहकों तक लड़कियों की सप्लाई की बात सामने आई है।
इसी बीच सोशल मीडिया और स्थानीय सूत्रों के माध्यम से अन्य महिलाओं की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।
पूर्णिया में देह व्यापार की पुरानी समस्या
पिछले कुछ वर्षों में पूर्णिया में हुई विभिन्न पुलिस छापेमारियों में नाबालिग लड़कियों की बरामदगी,किराये के मकानों और गोडाउन से देह व्यापार के खुलासे, और कई आरोपियों की गिरफ्तारी यह दर्शाती है कि यह समस्या किसी एक घटना तक सीमित नहीं है।
सवालों के घेरे में सिस्टम
यह पूरा मामला पुलिस-प्रशासन और स्थानीय व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पीड़िता को न्याय दिलाने और पूरे नेटवर्क को उजागर करने की मांग तेज हो गई है।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon