अंग इंडिया संवाददाता :पूर्णिया। जिले में पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ और संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के कड़े दिशा-निर्देशों के आलोक में पंचायत राज विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं ठोस पहल की जा रही है, जिससे निर्माण कार्यों में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों में लंबे समय से लंबित, निर्माणाधीन तथा पूर्ण हो चुके पंचायत सरकार भवनों का स्थल निरीक्षण संबंधित प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इससे कार्यों की प्रगति में तेजी आई है।
पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत विक्रमपुर एवं बियारपुर पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य बीते दो वर्षों से अवरुद्ध था। जिला पंचायत राज पदाधिकारी के मार्गदर्शन में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के सतत प्रयासों से इन दोनों पंचायतों में निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कराया गया है। गुरुवार को स्थल निरीक्षण के दौरान संबंधित एजेंसियों को निर्माण गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
वहीं बनमनखी प्रखंड अंतर्गत लादूगढ़ पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य पिछले छह माह से रुका हुआ था, जिसे प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के प्रभावी हस्तक्षेप से पुनः शुरू कराया गया है। निरीक्षण के दौरान संवेदक को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
के.नगर प्रखंड के झुन्नी इस्तमरार पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि आगामी 31 जनवरी तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और कार्य समय-सीमा के अनुरूप आगे बढ़ रहा है।
इसके अतिरिक्त कसबा प्रखंड अंतर्गत मोहिनी पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र ही भवन का विधिवत हस्तांतरण किया जाएगा, जिससे पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि पंचायत सरकार भवनों के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निरीक्षण के माध्यम से निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा सभी संवेदकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।



