PAPPU YADAV : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के बरहरा प्रखंड अंतर्गत अरबनना गांव में आयोजित ऐतिहासिक बीसू बाबा मेला का उद्घाटन क्षेत्रीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने किया। सांसद ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मेला स्थल का उद्घाटन करते हुए ग्रामीणों को शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया, जिसमें स्थानीय एवं बाहरी पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि मेला केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन गांवों में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं और युवा पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। सांसद ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में वे हर उस प्रयास के साथ हैं जो समाज को जोड़ने, संवारने और संबल देने का काम करता है।
मेला परिसर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद ने यह भी कहा कि सीमांचल की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की आवश्यकता है और वे इसके लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार और समाज दोनों को मिलकर ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करना चाहिए ताकि लोक परंपराएं जीवित रहें। उन्होंने कहा कि लोक परंपराएं हमें आपस में जोड़ने का काम करती हैं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, मेला समिति के सदस्य, ग्रामीण और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित थे। मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कुश्ती मुकाबले लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर मुखिया कृष्ण कुमार उर्फ रिंकू यादव, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, रामविलास यादव, अमरेंद्र यादव, शैलेन्द्र यादव, दिलखुश यादव, चन्द्र कुमार यादव, लडु यादव, मो सोयेब आलम, आशीष यादव, सिंटू यादव, सौरभ यादव, प्रतीक यादव, दिपक यादव, गौरव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



