BIHAR POLITICS : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने आज मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड स्थित जगत सिंह हाई स्कूल मैदान में बिहार बदलाव जनसभा को संबोधित किया। बड़ी संख्या में जुटी भीड़ के बीच उन्होंने अपने साफ शब्दों में वर्तमान राजनीतिक नेतृत्व पर हमला बोला और लोगों से “बदलाव की राजनीति” अपनाने की अपील की। सभा के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी के बिहार दौरे और प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि अब चुनाव नजदीक है, इसलिए वे घूमने आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बेरोजगार युवा दर-दर भटक रहे थे, जब कोरोना महामारी में लोग सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर बिहार लौटे, तब ये नेता कहां थे? उन्होंने कहा, “बिहार 40-45 साल से इन्हीं नेताओं के हाथ में रहा है और आज यह मजदूरों की फैक्ट्री बन गया है। अब जनता इनके झांसे में आने वाली नहीं है।”
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा खुद को “नौसिखिया नेता” बताए जाने पर भी प्रशांत किशोर ने चुटकी ली। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “मैं उनकी बात का समर्थन करता हूं। वे अनुभवी हैं — अपहरण, रंगदारी और भ्रष्टाचार में। लेकिन हम नए लोग हैं, जिन्हें जनता की सेवा करनी है। हमारी राजनीति नई है और इरादे साफ हैं।”राज्य सरकार द्वारा हाल में योजनाओं के ऐलान पर उन्होंने कहा कि यह बदलाव जनता की ताकत से संभव हो रहा है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार 20 साल से बुजुर्गों को सिर्फ ₹400 दे रहे थे, लेकिन जन सुराज की पहल के बाद इसे बढ़ाकर ₹1000 करना पड़ा। हम जामवंत हैं और बिहार की जनता हनुमान — अब समय है अपनी शक्ति पहचानने का।” प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन के अंत में लोगों से अपील की कि वे अब उन्हीं नेताओं को वोट दें जो उनके बच्चों के भविष्य के बारे में सोचते हैं, न कि उन्हें ठगने आते हैं।



