PURNEA NEWS : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने जलालगढ़ प्रखंड के ठाकुरबाड़ी चौक में अग्निकांड पीड़ित श्याम सुंदर चौधरी और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। बीते दिनों ठाकुरबाड़ी चौक निवासी श्याम सुंदर चौधरी की पूजा सामग्री और किराना दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। आग ने दुकान के साथ-साथ उनके घर को भी बुरी तरह से प्रभावित किया, जिसमें उनका पूरा परिवार रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद पप्पू यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उनका दुख साझा किया।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि यह केवल आग लगने की घटना नहीं है, बल्कि एक मेहनती परिवार की वर्षों की मेहनत और सपनों का नुकसान है। उन्होंने कहा कि राख में बदले सामान, टूटे सपनों और हताश चेहरों ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। उन्होंने श्याम सुंदर चौधरी के पुत्र सुमित चौधरी को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि वे इस कठिन समय में उनके साथ हैं और हर संभव मदद करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस क्षति की भरपाई के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी हर संभव प्रयास करेंगे। सांसद ने कहा कि जनसेवा ही उनका धर्म है और वे पीड़ित परिवार के साथ हर जरूरत के समय खड़े रहेंगे। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि अफरोज आलम, प्रवक्ता राजेश यादव, बबलू भगत, मंटू यादव, सुडु यादव, वैश खान, अरुण यादव, पप्पू चौरसिया, मो. मंसुर, सुमित यादव, ई. सुनील यादव, मो. जहांगीर, करण यादव और संगम कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।



