PURNEA NEWS पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: थाना क्षेत्र में पिछले माह हुई दो छिनतई की घटनाओं को पुलिस ने सफलता पूर्वक उदभेदन कर लिया है तथा छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले दोनों बाइक सवार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफतार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है । इन दोनों अपराधियों में से एक कटिहार जिला के कुरसेला थाना क्षेत्र के खेरिया गांव का छोटू कुमार एवं रूपौली थाना क्षेत्र के छोटाय टोला डोभा का भोला मंडल है । इस संबंध में एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने बताया कि पहली घटना 4 अप्रील को हुई थी, जिसमें रूपौली थाना क्षेत्र के मैनमा गांव स्थित नहर पर भवानीपुर के उत्कर्स स्मॉल कंपनी के एजेंट से दो बाइक सवार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर 29 हजार रूपये लूट लिये थे । दूसरी घटना 29 अप्रील को हुई थी, जिसमें दो बाइक सवार अपराधियों ने नवगछिया के कपडा दुकान के कलेक्षन एजेंट सह कांप गांव निवासी छोटू कुमार से हथियार का भय दिखाकर 32174 रूपये की छिनतई कर ली गई थी । पुलिस तभी से इनकी तलाश में थी । पुलिस को खबर मिली कि कटिहार जिला के कुरसेला थाना अंतर्गत खेरिया गांव का छोटु कुमार पिता रघुनंदन यादव इन दोनों अपराध में षामिल है तथा इसी गांव स्थित अपने ससुराल में है । पुलिस ने तत्काल खेरिया गांव स्थित उसकी ससुराल में ससुर रवींद्र रजक के यहां छापेमारी की । मौके पर छोटु कुमार गिरफतार हो गया । उसकी तलाशी लेने पर एक मोबाइल, पहचान-पत्र, नगद 6 हजार रूपये, अपराध में प्रयुक्त बाइक मिली । पूछताछ के क्रम में उसने अपने सहयोगी का नाम बताते हुए कहा कि रूपौली थाना क्षेत्र के छोटाय टोला डोभा गांव का भोला मंडल, पिता चुनचुन मंडल है । पुलिस ने वहां भी छापेमारी की तथा उसे गिरफतार कर लिया । उसकी तलाश लेने पर उसके पास से दो देशी कटा, एक खोखा, पर्श में दो हजार रपये, तीन आधार कार्ड, एक पैनकार्ड, दो एटीएम, एक मोबाइल, दो हेलमेट, घटना के समय पहना हुआ टी-षर्ट एवं एक बाइक बरामद की गई । दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है । इस अभियान में थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, एसआई मुकेश कुमार, एसआई अखिलेश कुमार पासवान, एएसआई कांतेश्वरनाथ पांडे सहित अन्य पुलिसबल शामिल थे ।
ऐसे देते थे घटना का अंजाम-
दोनों अपराधी एक सुनियोजित तरीके से घटनाओं को अंजाम देते थे । छोटू कुमार खेरिया से बिना हेलमेट बाइक से छोटाय टोला भोला मंडल के पास पहुंचता था । वहां से भोला मंडल एवं छोटू कुमार हेलमेट पहनकर छोटू कुमार की बाइक से अपराध करने निकलते थे, ताकि इस क्षेत्र में कोई बाइक की पहचान नहीं कर सके । हेलमेट इसलिए पहनते थे कि कोई उन्हें पहचान भी नहीं सके । अपराध को अंजाम देकर दोनों फिर छोटाय टोला डोभा भोला मंडल के घर पहुंचते थे तथा वहां फिर पैसे बांटकर छोटू कुमार अपनी बाइक से अपने खेरिया गांव लौट जाता था । इसबार चूंकि उन्होंने बिरौली बाजार से ही कांप गांव के एजेंट छोटू कुमार का पीछा किया था, वहीं से पुलिस को सीसीटीवी में कुछ अहम सुराग मिले थे तथा खबरियों द्वारा इनकी सूचना कलेक्ट की गई थी । उसी आधार पर पुलिस ने इन्हें धर-दबोचा था ।







