PURNEA NEWS: निष्पक्ष चुनाव की तैयारी तेज़, पूर्णिया में जिला इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक में संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान को लेकर बना ठोस प्लान

पूर्णिया: PURNEA NEWS पूर्णिया में आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर तैयारियों का आगाज़ ज़ोरों पर है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में जिला इंटेलिजेंस कमेटी की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्वाचन प्रक्रिया को स्वच्छ, पारदर्शी और धनबल से मुक्त रखने की दिशा में ठोस रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आयोग द्वारा जारी एसओपी के अनुरूप Expenditure Sensitive Constituency (ESC) की पहचान हेतु सभी प्रवर्तन एजेंसियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि कई बार चुनावों में कुछ प्रत्याशी और राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए नगदी, शराब, नशीले पदार्थ, महंगे उपहार आदि का इस्तेमाल करते हैं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित होती है। इसे रोकने के लिए आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर ऐसे निर्वाचन क्षेत्रों की पहले से पहचान कर, वहां विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। खासतौर पर अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों – 56-अमौर एवं 57-बायसी विधानसभा क्षेत्रों में संवेदनशीलता अधिक होने के कारण, वहां लगातार निगरानी, समन्वित छापेमारी अभियान और चौकसी ज़रूरी है। उन्होंने उत्पाद अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बायसी को निर्देश दिया कि वे आपस में समन्वय बनाकर सीमावर्ती इलाकों में निरंतर चेकिंग अभियान चलाएं।

इसके अतिरिक्त, ऐसे स्थानों की पहचान कर जहां से अवैध नकदी, शराब, ड्रग्स, कीमती धातु, जाली व विदेशी मुद्रा की तस्करी की संभावना हो सकती है, वहां 24×7 नाका और चेक पोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। श्री कुमार ने स्पष्ट किया कि कोई भी प्रत्याशी अगर व्यय सीमा से अधिक खर्च करता है, तो यह चुनाव आयोग के नियमों का खुला उल्लंघन होगा और उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक पूर्णिया, कमांडेंट एसएसबी, उत्पाद अधीक्षक, सिविल सर्जन, अग्रणी बैंक प्रबंधक, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बायसी, धमदाहा, बनमनखी, सदर पूर्णिया, जीएसटी के सहायक आयुक्त एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगी ताकि धनबल, बाहुबल एवं अन्य अवैध साधनों के उपयोग को पूरी तरह रोका जा सके और जिले में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हो सके।

TAGGED:
Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon