पूर्णिया

PURNEA NEWS : शिक्षक को गोली मारने की गुत्थी सुलझी: पैसे के विवाद में चचेरे भाई ने करवाई थी फायरिंग, एक गिरफ्तार

PURNEA NEWS : पूर्णिया के जानकीनगर थाना क्षेत्र में स्कूल जाते समय एक शिक्षक को गोली मारकर जख्मी करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में लूटपाट के प्रयास में गोली मारने की बात कही गई थी, लेकिन अब पुलिस ने खुलासा किया है कि यह घटना जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर की गई साजिश का परिणाम थी। पुलिस ने इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता मो. इंजार को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या था मामला?

गत 15 मई 2025 को शिक्षक जुनेद आलम को स्कूल जाते समय मोटरसाइकिल सवार अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जुनेद आलम ने अपनी प्राथमिकी में पैसे छीनने के प्रयास में गोली मारने की बात कही थी, जिसके बाद जानकीनगर थाना कांड संख्या 135/25 दर्ज किया गया।

SIT का गठन और साजिश का खुलासा

पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया, ने इस घटना के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी, सुबोध कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष जानकीनगर और चकमका ओ.पी. प्रभारी के साथ एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।

गठित टीम ने मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर इस घटना में मो. इंजार (पिता हदीस, निवासी वीरनगर टपरा, भरगामा, अररिया) की संलिप्तता पाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।

₹2 लाख के विवाद में रची गई साजिश

गिरफ्तार मो. इंजार ने पुलिस के सामने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसका गांव के ही मो. असलम के साथ 5 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद में शिक्षक जुनेद आलम ने पंचायती में उसके पक्ष में फैसला देने के लिए 2 लाख रुपये की मांग की थी। जब मो. इंजार ने पैसे नहीं दिए, तो शिक्षक जुनेद आलम ने मो. असलम से मिलकर उसके खिलाफ मारपीट का केस दर्ज करवा दिया।

इससे परेशान होकर मो. इंजार ने शिक्षक को ‘सबक सिखाने’ के लिए अपने चचेरे भाई मो. मकतुब के साथ मिलकर एक योजना बनाई। इस योजना के तहत, मो. मकतुब ने अपने सहयोगियों (शूटरों) से पैसे लूटने के बहाने जुनेद आलम को गोली मरवा दी।₹37,000 की अग्रिम राशि का भुगतान मो. इंजार ने बताया कि गोली मारने के लिए उसने 1 लाख रुपये देने की बात की थी, जिसमें से अग्रिम के रूप में 37,000 रुपये मो. मकतुब के फोन पे (PhonePe) पर भेजे गए थे। शेष राशि काम होने के बाद दी जानी थी। पुलिस को मो. इंजार द्वारा मो. मकतुब के फोन पे पर भेजी गई राशि से संबंधित साक्ष्य और मैसेज के माध्यम से पैसे मांगने संबंधी सबूत भी मिले हैं।

मो. इंजार का आपराधिक इतिहास भी है, जिसमें भरगामा थाना काण्ड संख्या 21/25 (दिनांक 19.01.2025) दर्ज है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है। घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

गिरफ्तार अभियुक्त:

  • मो. इंजार, पिता हदीस, सा. वीरनगर टपरा, वार्ड नं. 11, थाना भरगामा, जिला अररिया।

छापामारी दल:

  • श्री सुबोध कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बनमनखी
  • पु.अ.नि. राजाराम, जानकी नगर थाना
  • पु.अ.नि. प्रिंस कुमार, चकमका ओ.पी.
  • पु.अ.नि. मेघनाथ उरांव, जानकीनगर थाना
  • सिपाही/1041 संतोष कुमार, जानकी नगर थाना
  • सिपाही/680 उमेश कुमार, जानकी नगर थाना

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *